आकाशवाणी.इन
मुंबई, 28 अप्रैल 2026/ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर हुए कथित हमले की तुलना भारत की स्थिति से करने पर जुबानी जंग तेज हो गई है। वडेट्टीवार ने वाशिंगटन में ‘व्हाइट हाउस कारेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन’ के डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर टिप्पणी करते हुए इसे ‘जैसी करनी, वैसी भरनी’ करार दिया और कहा कि आज भारत का मिजाज भी कुछ अमेरिका जैसा ही है। उनके इस बयान को भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने वाला बताया है.
नागपुर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने सत्ता के सर्वोच्च पद पर रहते हुए दुनिया को अस्थिर करने और हर देश पर कब्जा करने का काम किया है। अमेरिका में ट्रंप की नीतियों के कारण जनता में भारी आक्रोश था, जिसका परिणाम इस गोलीबारी के रूप में सामने आया.