आकाशवाणी.इन
कोरबा, 03 मई 2026/ वनमण्डल कटघोरा के जटगा रेंज अंतर्गत स्थित मेढ़उड पहाड़ पर मौजूद 44 हाथियों में से 11 हाथी नीचे उतरकर कलमहीडांड पहुंच गये , जबकि 33 हाथी अभी भी पहाड़ पर विचरण कर रहे है। 11 हाथियों के नीचे उतरने और कलमहीडांड पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हाथियों की निगरानी में जुट गये है.
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहाड़ से नीचे उतरे हाथियों ने तत्काल कोर्ई नुकसान नहीं पहुंचाया है, फिर भी विभाग अपनी ओर से सतर्कता बरत रहा है। कलमहिडांड व आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। इनसे कहा जा रहा है कि हाथियों का दल पहाड़ से नीचे उतरकर क्षेत्र के जंगल में नदी किनारे विचरण कर रहे है। अत: हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में न जाये। यदि किसी कारणवश जंगल जाना जरूरी हुआ तो वे सावधानी बरर्ते। ज्ञात रहे कि 48 हाथियों का दल जटगा रेंज में कई माह से डेरा डाले हुए है और मेढ़उड पहाड़ को अपना बसेरा बनाये हुए है। इनमें से 4 हाथी दो दिन पूर्व झूण्ड से अलग होकर नीचे उतर गये थे और जंगल का रास्ता तय करते हुए बासीन क्षेत्र में पहुंच गये जहां उनकी मौजूदगी अभी भी बनी हुई है। 11 हाथी बीती रात फिर पहाड़ से नीचे आग गये। जिससे झुण्ड से अलग होने वाले हाथियों की संख्या 15 हो गई है। झुण्ड से नीचे उतरे हाथियों का वीडियो सोशल मीडिया में लगातार वायरल हो रहा है.