आकाशवाणी.इन
कोरबा, 04 मई 2026/ बिजलीघरों की मालगाडिय़ों के रेलवे क्रासिंग पर अटकने की समस्या बारहमासी हो गई है। इस वजह से जनता परेशान है। गर्मी के मौसम में दिक्कतें वैसे भी ज्यादा है और ऐसे में मालगाडिय़ों के 2 से 3 घंटे अटकने का मतलब जनता के दुख को बढ़ाना है। स्थानीय सांसद ज्योत्सना महंत ने डीएसपीएम बिजलीघर प्रबंधन को कहा है कि वह कोरबा के रेलवे क्रासिंग के आसपास के स्थानों को यार्ड बनाने की कोशिश न करे, अन्यथा इसके लिए आंदोलन होगा.
दो दिन पहले ही टीपी नगर रेलवे क्रासिंग पर कोयला लोड मालगाड़ी के अटकने से लगभग 3 घंटे आवागमन बेहाल हो गया। एसईसीएल की परियोजना से कोयला लोड गाड़ी डीएसपीएम 500 मेगावाट बिजलीघर के लिए रवाना हुई थी। शाम 6 बजे इसने किसी तरह शारदा विहार क्रासिंग पार किया और ट्रांसपोर्ट नगर क्रासिंग पर आने के साथ अटक गई.
नतीजा यह हुआ कि ट्रांसपोर्ट नगर से एसईसीएल, सीजीएम कार्यालय से लेकर मुड़ापार, अमरैया और वहां से शारदा विहार क्रासिंग को जाने वाला रास्ता जाम हो गया। लोगों ने टीपी नगर क्रासिंग से भीतर जाने के लिए विकल्प चुना लेकिन यह नाकाम रहा। मालगाड़ी के अटकने से ट्रैफिक का दबाव इन तीन रास्तों के अलावा मुख्य मार्ग पर भी रहा। ऐसे में ट्रैफिक कर्मियों को व्यवस्था संभालने मेें जमकर मशक्कत करनी पड़ी। सांसद ज्योत्सना महंत ने जनता से जुड़ी इस परेशानी को लेकर डीएसपीएम के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अक्सर रेलवे क्रासिंग की चढ़ाई पर मालगाडिय़ां अटक जाती है और ऐसे में कई घंटे जाम लग जाता है। ऐसा होने से आम लोगों के कई काम बाधित होते हैं। बार-बार की इस समस्या का समाधान करने में विद्युत प्रबंधन उदासीन है। सांसद ने कहा कि रेलवे फाटकों के आसपास के चौराहे को रेल यार्ड बनाने का प्रयास न किया जाए। अगर व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो आगे स्थिति खराब हो सकती है.