Home छत्तीसगढ़ देखिये👉 कोरबा पुलिस ने हुड़दंगियों को झोरा घाट में ऐसे सिखाया सबक…

देखिये👉 कोरबा पुलिस ने हुड़दंगियों को झोरा घाट में ऐसे सिखाया सबक…

43
0

आकाशवाणी.इन

झोरा घाट में हुड़दंगियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रिंक एंड ड्राइव में 23 बाइक जब्त, पर्यटकों को मिली राहत

कोरबा/कटघोरा / 11 मई 2026/ कोरबा जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झोरा घाट रविवार को हजारों पर्यटकों से गुलजार रहा। प्राकृतिक सुंदरता और “मिनी गोवा” के नाम से मशहूर इस पर्यटन स्थल पर छुट्टी के दिन बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने शराब के नशे में हुड़दंग मचाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जिसके बाद कटघोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की.

जानकारी के अनुसार, रविवार होने के कारण झोरा घाट में करीब 5 हजार पर्यटक पहुंचे थे। इनमें बड़ी संख्या में परिवार और दूर-दराज से आए लोग शामिल थे। इसी दौरान कुछ युवक शराब के नशे में स्टंटबाजी, तेज रफ्तार बाइक चलाने और सार्वजनिक स्थल पर उत्पात मचाने लगे। उनके व्यवहार से वहां मौजूद पर्यटक असहज और असुरक्षित महसूस करने लगे.

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस बिना देर किए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और हुड़दंगियों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर ड्रिंक एंड ड्राइव और रफ ड्राइविंग करने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 23 मोटरसाइकिल जब्त की गईं और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक शराब के नशे में बाइक से स्टंट कर रहे थे और पर्यटकों के बीच दहशत का माहौल बना रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही ऐसे युवकों की “हीरोगिरी” उतारते हुए उन्हें कड़ी समझाइश दी और दोबारा ऐसी हरकत न करने की चेतावनी भी दी.

कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल या सार्वजनिक जगह पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और शराब के नशे में उत्पात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

झोरा घाट अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है। हर सप्ताह यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने और प्रकृति का आनंद लेने पहुंचते हैं। हालांकि, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण कई बार पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन से मांग की है कि झोरा घाट में नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में पर्यटन का आनंद ले सकें.

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पर्यटकों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की तत्परता की सराहना की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here