आकाशवाणी.इन
कोरबा, 18 मई 2026/ दीपका नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 15 में होने वाले उपचुनाव के लिए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने चंद्रलेखा राज को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने उनकी सामाजिक सक्रियता, सेवा भावना और वार्डवासियों के बीच मजबूत जनसंपर्क को उम्मीदवार चयन का प्रमुख आधार बताया है.
चंद्रलेखा राज पूर्व में एसईसीएल की एनसीएच गेवरा परियोजना में नर्स के पद पर कार्यरत रही हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे वार्ड में जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी साफ-सुथरी छवि और लोगों के बीच बेहतर पकड़ को देखते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारा गया है.
नामांकन के अंतिम दिन रविवार 18 मई को चंद्रलेखा राज ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे, जिला मंत्री नोभित साहू, महिला विंग जिलाध्यक्ष चंचल महंत तथा उपाध्यक्ष सुनीता खूंटे उपस्थित रहीं। वहीं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष सुरजीत सोनी, जिला संगठन मंत्री ओम केवट, आनंद वैष्णव एवं प्रस्तावक आशीष सिंह राजपूत भी मौजूद रहे.
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि वार्ड क्रमांक 15 के समग्र विकास, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और जनसेवा को प्राथमिकता बनाकर चुनाव लड़ा जाएगा। वहीं चंद्रलेखा राज ने वार्डवासियों से आशीर्वाद और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उन्हें अवसर मिलने पर वे जनहित और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी.