Home राष्ट्रीय समाचार 4,398 दिन का इतिहास रचेंगे मोदी… लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित...

4,398 दिन का इतिहास रचेंगे मोदी… लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नेहरू का रिकॉर्ड टूटेगा

9
0

आकाशवाणी.इन

नई दिल्ली, 03 जून 2026/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं। वह देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री बनेंगे जो निर्वाचित होने के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक इस पद पर बने रहे हैं। पीएम मोदी 9 जून को लगातार 4,398 दिन पूरे कर लेंगे और इसी के साथ वह देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,397 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे.

खास बात यह है कि इसी दिन मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल भी पूरे हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर 10 जून को होने वाली NDA मुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने के लिए विशेष प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे। अन्य सहयोगी दलों के नेता भी इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे.

प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया जाएगा। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी और वह लगातार 12 साल 14 दिन यानी 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे थे। हालांकि नेहरू 15 अगस्त 1947 से ही प्रधानमंत्री थे, लेकिन उस समय वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे, निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं.

वहीं नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 से लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने हुए हैं और 9 जून को 12 साल 15 दिन पूरे कर लेंगे। पीएम मोदी पहले ही कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वह सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन चुके हैं और अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को भी पीछे छोड़ चुके हैं। लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतने वाले वह पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं। इसके अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी चुनी हुई सरकारों के प्रमुख के तौर पर 9,000 से अधिक दिन पूरे कर चुके हैं, जो भारतीय राजनीति में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here