आकाशवाणी.इन
रायपुर, 03 जून 2026/ छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि दोपहर बाद कई इलाकों में अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति भी बन सकती है.
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मंगलवार को रायपुर में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे तेज धूप और गर्मी का असर फिर महसूस हुआ। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा मध्य पाकिस्तान से तटीय पश्चिम बंगाल तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक, अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई है। रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.