Home छत्तीसगढ़ SAKTI POLICE : समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग, देशी रिवाल्वर और...

SAKTI POLICE : समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग, देशी रिवाल्वर और कट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार

33
0

आकाशवाणी.इन

सक्ती, 05 जून 2026/ घरेलू विवाद को लेकर समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में सक्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर, एक देशी कट्टा तथा घटनास्थल से फायरिंग में प्रयुक्त खाली कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बालपुर निवासी अजय सिंह गोंड़ 4 जून को अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर ग्राम कर्रापाली गया था। वहां उसे जानकारी मिली कि उसकी रिश्तेदार तीजबाई के साथ उसका पति दिलेश्वर सिदार आए दिन मारपीट और प्रताड़ना करता है। इसी बात को लेकर परिवार के कुछ सदस्य दिलेश्वर को समझाने पहुंचे थे। समझाइश के दौरान वह नाराज होकर वहां से चला गया और बाद में घटना को अंजाम दिया.

शाम करीब 5.30 बजे जब अजय सिंह गोंड़ अपने परिजनों बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ के साथ वापस गांव लौट रहा था, तभी कर्रापाली के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार अपने साथी सोमदेव सिदार के साथ मिला। दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि दिलेश्वर ने अपने पास रखे देशी रिवाल्वर से प्रार्थी और उसके साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के दौरान सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर मौजूद था और लगातार धमकी दे रहा था.

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फायरिंग में इस्तेमाल रिवाल्वर का खाली कारतूस भी जब्त किया है.

पुलिस के अनुसार मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 296, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा, वहीं पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here