Home छत्तीसगढ़ टैक्सी चालकों को कोरबा पुलिस की सलाह, अज्ञात बुकिंग से पहले पहचान...

टैक्सी चालकों को कोरबा पुलिस की सलाह, अज्ञात बुकिंग से पहले पहचान सत्यापित करें…

15
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 07 जून 2026/ जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुराना बस स्टैंड एवं नया बस स्टैंड टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चालकों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील की गई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में टैक्सी और यात्री वाहनों से जुड़े लूट, मारपीट, धोखाधड़ी तथा अन्य आपराधिक मामलों को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। अधिकारियों ने अज्ञात व्यक्तियों की बुकिंग स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

बैठक में चालकों को सलाह दी गई कि किसी भी अज्ञात यात्री की बुकिंग मिलने पर उसका आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य पहचान पत्र व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त करें। यात्री को वाहन में बैठाने से पहले उसका स्पष्ट फोटो लेकर अपने परिजनों या विश्वसनीय परिचितों को भेजें तथा यात्रा के दौरान मोबाइल का जीपीएस चालू रखकर लाइव लोकेशन साझा करें.

पुलिस ने रात्रिकालीन यात्राओं के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, सुनसान और निर्जन स्थानों पर वाहन रोकने से बचने, मोबाइल फोन को पर्याप्त चार्ज रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाना को देने की सलाह भी दी.

बैठक में मौजूद टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन चालकों ने पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा अन्य चालकों को भी जागरूक करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कोरबा पुलिस द्वारा तैयार किए गए सुरक्षा संबंधी जागरूकता पोस्टर और एडवाइजरी का भी वितरण किया गया.

कोरबा पुलिस ने जिले के सभी टैक्सी, कैब और यात्री वाहन चालकों से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संभावित अपराधों को रोका जा सके.

सजग रहें, सुरक्षित रहें — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here