Home छत्तीसगढ़ BREAKING: IOC गेट के सामने बंदूक की नोक पर सात गैस सिलेंडर...

BREAKING: IOC गेट के सामने बंदूक की नोक पर सात गैस सिलेंडर लूटे, दर्री पुलिस जांच में जुटी

7
0

आकाशवाणी.इन

स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने ट्रक चालक को धमकाया, सिलेंडर लेकर हुए फरार

कोरबा,15 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह करीब 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के गेट के सामने बंदूक की नोक पर गैस सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कॉर्पियो वाहन में सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने एक गैस सिलेंडर परिवहन करने वाले ट्रक को रोककर चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी देकर ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार IOC से गैस सिलेंडर लेकर ट्रक क्रमांक 5764 बिरला की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार 4-5 युवक ट्रक के पास पहुंचे। सभी बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। ट्रक चालक के अनुसार, बदमाशों में से एक ने उसकी कनपटी पर बंदूक तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी.

बदमाशों के भय से चालक चुप रहा। इसके बाद आरोपियों ने ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर निकाले और उन्हें स्कॉर्पियो में लोड कर मौके से फरार हो गए। चालक के मुताबिक बदमाशों के पास बंदूक के अलावा तलवार भी थी। वारदात इतनी तेजी से हुई कि चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले आरोपी वहां से निकल चुके थे.

घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने चालक से घटना के संबंध में पूछताछ करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तड़के हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में भय का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here