Home छत्तीसगढ़ कोरबा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, अमर अग्रवाल ने किया...

कोरबा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, अमर अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

1
0

आकाशवाणी.इन

शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, सीआईएसएफ ने परेड में हासिल किया प्रथम स्थान

कोरबा, 15 अगस्त 2026/ कोरबा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सीएसईबी कोरबा पूर्व के फुटबॉल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी मौजूद रहे.

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई। सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), जिला पुलिस बल, नगर सेना, वन रक्षक तथा स्काउट-गाइड के सीनियर एवं जूनियर दलों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड कमांडरों ने मुख्य अतिथि को परेड रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद विधायक अमर अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण किया.

समारोह में मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया। इसके बाद अनेकता में एकता और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए.

देशभक्ति से सराबोर हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

मुख्य समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों का उपस्थित दर्शकों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया.

इस अवसर पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए जवानों के परिजनों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

परेड में सीआईएसएफ अव्वल

परेड के प्रोफेशनल वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला पुलिस बल महिला को द्वितीय तथा नगर सेना महिला दल को तृतीय स्थान मिला। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष, नगर सेना पुरुष और वन रक्षक दल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया.

नॉन-प्रोफेशनल जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बालिका दल ने प्रथम, गाइड दल सीनियर डिवीजन बालिका ने द्वितीय तथा एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक दल ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्काउट दल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया.

दिव्य ज्योति विशेष स्कूल ने जीता सांस्कृतिक कार्यक्रम

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिव्य ज्योति विशेष स्कूल डिंगापुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोरबा द्वितीय तथा निर्मला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), रिस्दी-रामपुर, कोरबा तृतीय स्थान पर रहा। न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल और सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुधवारी कोरबा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया.

उत्कृष्ट कर्मियों का भी सम्मान

समारोह में मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने शासकीय सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे.

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर इषांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here