आकाशवाणी.इन
93.65 फीसदी भरा बांध, सात गेट खोलकर 18,786 क्यूसेक और हाइडल से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
कोरबा, 16 अगस्त 2026/ लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और पानी की अधिक आवक के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो बांध का जलस्तर शनिवार सुबह 9:35 बजे 358.60 मीटर और 93.65 प्रतिशत पहुंच गया। जलाशय में पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए बांध के सात गेट खोल दिए गए हैं। इसी बीच बांगो बांध का नजारा देखने अपने तीन दोस्तों के साथ पहुंचे एक युवक ने अचानक गार्डन की रेलिंग से बांध के खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। और देखते ही देखते युवक पानी के तेज बहाव में लापता हो गया.
जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के चैतमा निवासी रंजीत यादव अपने तीन अन्य साथियों के साथ बांगो बांध का नजारा देखने पहुंचा था। चारों दोस्त गार्डन के पास मौजूद रहकर आपस में हंसी-मजाक और बातचीत कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर बाद रंजीत के तीनों दोस्त उससे थोड़ा दूर चले गए। इसी दौरान रंजीत गार्डन की रेलिंग पर चढ़ा और बांध के खुले गेट की दिशा में पानी में छलांग लगा दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी में कूदने के बाद रंजीत कुछ देर तक तैरता हुआ दिखाई दिया। लोगों को लगा कि वह तैरकर दूसरी ओर निकल जाएगा, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण कुछ ही देर बाद वह नजरों से ओझल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद उसके दोस्तों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
घटना की सूचना तत्काल बांगो पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के समय रंजीत के साथ मौजूद उसके तीनों दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है.
बांध से 27,786 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के अनुसार शनिवार सुबह 9:35 बजे बांगो बांध का जलस्तर 358.60 मीटर दर्ज किया गया, जो कुल जलभराव क्षमता का 93.65 प्रतिशत है। पानी की अधिक आवक को देखते हुए गेट क्रमांक 3 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 4, 5, 6, 7 और 8 को 0.50-0.50 मीटर तथा गेट क्रमांक 9 को 0.40 मीटर खोला गया है.
सातों गेटों से कुल 18,786 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस प्रकार बांध से कुल 27,786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है.
बांध के गेट खुलने के बाद हसदेव नदी का जलप्रवाह भी तेज हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग बांध का नजारा देखने पहुंच रहे हैं। ऐसे में खुले गेटों और तेज जलप्रवाह को देखते हुए बांध क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
युवक ने पानी में छलांग क्यों लगाई, इसके पीछे क्या कारण था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस उसके साथ मौजूद तीनों दोस्तों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। रंजीत के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है.
Simple, clean, and effective. No bloated menus or confusing ads, just straight gaming. Love how br59c keeps it minimal and efficient.