Home कोरबा न्यूज़ सड़कों पर नहीं, गड्ढों में चल रहे राहगीर: जमनीपाली से इंदिरा नगर...

सड़कों पर नहीं, गड्ढों में चल रहे राहगीर: जमनीपाली से इंदिरा नगर होते हुए सुमेधा जाने वाला मार्ग हुआ जर्जर

7
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा। जिला मुख्यालय के उपनगरीय क्षेत्र जमनीपाली से इंदिरा नगर होते हुए सुमेधा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। आलम यह है कि इस पूरे मार्ग पर अब सड़क कम और गड्ढे ज्यादा नजर आ रहे हैं। इस जर्जर रास्ते से गुजरने वाले राहगीर और स्थानीय निवासी रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं.

हर कदम पर दुर्घटना का साया

जमनीपाली से सुमेधा जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र की एक प्रमुख लाइफलाइन है, जिससे होकर रोजाना सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। लेकिन वर्तमान में इस सड़क की सूरत पूरी तरह बिगड़ चुकी है। इंदिरा नगर के पास तो सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं.

धूल के गुबार और उड़ती गिट्टियां

सड़क की ऊपरी डामर की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिसकी वजह से नीचे की गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। भारी वाहनों के गुजरने से ये गिट्टियां छिटककर राहगीरों को लग रही हैं। वहीं, धूप निकलने पर इस मार्ग पर धूल का ऐसा गुबार उड़ता है कि सामने से आने वाला वाहन भी दिखाई नहीं देता। इससे स्थानीय दुकानदारों और इंदिरा नगर के निवासियों को सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है.

प्रशासनिक उदासीनता से आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। सुमेधा और आसपास के ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि इतने महत्वपूर्ण मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है.

बदहाल सड़क: जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे नौनिहाल, ऑटो पलटने का बना रहता है खतरा

ये जर्जरअब स्कूली बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही है। इस उबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरी सड़क से रोजाना सैकड़ों स्कूली बच्चे ऑटो और वैन में बैठकर सफर करते हैं, जिससे हर वक्त किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। गड्ढों में हिचकोले खाते स्कूल ऑटो जमनीपाली और इंदिरा नगर क्षेत्र के कई बच्चे सुमेधा और आसपास के स्कूलों में पढ़ने जाते हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे मुख्य शहर के स्कूलों का रुख करते हैं। सड़क पर बने बड़े बड़े गड्ढों के कारण स्कूल ऑटो और वैन बुरी तरह हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। कई बार गड्ढों से बचने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो चालकों को बेहद संभलकर गाड़ी चलानी पड़ती है, जरा सी चूक मासूमों की जान पर भारी पड़ सकती है.

अभिभावकों को सताती है चिंता:

जब तक बच्चे सुरक्षित घर वापस नहीं लौट आते, तब तक अभिभावकों की सांसें अटकी रहती हैं। परिजनों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि ऑटो के अंदर बैठे बच्चों को भी तेज झटके लगते हैं, जिससे उनकी पीठ और कमर में दर्द की शिकायत होने लगी है। बारिश के दिनों में जलभराव के कारण स्थिति और भी डरावनी हो जाती है.

सड़क की इसी दयनीय स्थिति को उजागर करता हुआ एक वीडियो स्थानीय *अधिवक्ता शोभाराम करियारे ने साझा किया है,* जिसमें सड़क की वास्तविक और डरावनी तस्वीर साफ देखी जा सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here