आकाशवाणी.इन
कोरबा, 07 सितम्बर 2026/ शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सोमवार को दीक्षारम्भ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर संजू देवी राजपूत अतिविशिष्ट अतिथि तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
समारोह में मंत्री देवांगन ने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां दो कुलों का नाम रोशन करती हैं। बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उनके बेहतर शैक्षणिक भविष्य के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान अतिथियों ने महाविद्यालय की करीब 1500 छात्राओं को सीएसआर के माध्यम से एजुकेशन किट प्रदान की.
मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ से विशाल डोम की सौगात दी गई है। इसी तर्ज पर जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी डोम निर्माण की घोषणा की गई है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रदेश के विकास मॉडल के केंद्र में GYAN—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी हैं। युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिशन मोड पर कार्य किया जा रहा है.
मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है कि प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर वर्तमान में 27.5 प्रतिशत हो गया है.

मेहनत से सफलता के शिखर तक पहुंचें बेटियां : महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश का भविष्य और विकसित भारत की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने छात्राओं से संघर्ष और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास करने से सफलता के शिखर तक पहुंचा जा सकता है.
शिक्षा डीएमएफ की प्राथमिकता में : कलेक्टर
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिले के किसी भी छात्र-छात्रा को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। बेहतर परीक्षा परिणाम के साथ उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है.
कार्यक्रम में पार्षद वर्षा वैष्णव, नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, संध्या पांडे, श्रेणी दिवाकर, अमृता सक्सेना, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, भागवत पटेल, वर्षा तंवर और युवराज चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे.