आकाशवाणी.इन
कोरबा, 07 सितम्बर 2026/ शुक्रवार शाम पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (PGCIL) के बे ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण NTPC कोरबा के 2,600 मेगावाट क्षमता वाले पावर स्टेशन की सभी सात जनरेटिंग यूनिटें एक साथ बंद हो गई थीं। इसके बाद बिजली उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया.
बिजली उत्पादन ठप होने के 12 घंटे के भीतर दो 500 मेगावाट की यूनिटों (यूनिट-4 और यूनिट-5) तथा एक 200 मेगावाट की यूनिट (यूनिट-1) को फिर से चालू कर दिया गया। इसके बाद 200 मेगावाट की यूनिट-3 को 36 घंटे के भीतर ग्रिड से जोड़कर उत्पादन शुरू कर दिया गया.
वहीं, शेष दो यूनिटों में 500 मेगावाट की यूनिट-7 को रविवार रात 9:20 बजे और 200 मेगावाट की यूनिट-2 को रात 8:40 बजे फिर से चालू कर दिया गया। इसके साथ ही स्टेशन की सात में से छह यूनिटें अब उत्पादन में लौट आई हैं.
इस बीच 500 मेगावाट की यूनिट-6 को 25 अगस्त 2026 से निर्धारित ओवरहॉल के लिए बंद रखा गया है। यह नियमित मरम्मत हर दो वर्ष में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाती है। उम्मीद है कि यूनिट-6 को इस महीने के अंत तक फिर से ग्रिड से जोड़ दिया जाएगा.
NTPC कोरबा में चार 500 मेगावाट और तीन 200 मेगावाट की यूनिटें हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 2,600 मेगावाट है। छह यूनिटों के दोबारा चालू होने के बाद स्टेशन की बिजली उत्पादन क्षमता में काफी हद तक बहाली हो गई है.