Home आस्था KORBA: हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा: ग्राम बुंदेली में 19 सितंबर...

KORBA: हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा: ग्राम बुंदेली में 19 सितंबर को सजेगा श्री श्याम अखाडा और भव्य दरबार…

10
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा। ग्राम बुंदेली में 19 सितंबर को श्री श्याम अखाडा में सजेगा श्री श्याम बाबा का भव्य दरबार 12वें श्री श्याम अखाड़ा में देश के ख्याति प्राप्त भजन प्रवाहक शीतल पाण्डे, संजीव शर्मा व प्रीति सरगम करेंगे भजनों की अमृतवर्षा। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से एक बार फिर ग्राम बुंदेली श्याममय होने जा रहा है। श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत हर्ष एवं आनंद का विषय है कि प्रतिवर्ष की भाती इस वर्ष भी 12वाँ श्री श्याम अखाड़ा का भव्य एवं दिव्य आयोजन 19 सितंबर 2026 को ग्राम बुंदेली, कोरबा में किया जा रहा है.

लगभग 11 वर्ष पूर्व महज 50 श्रद्धालुओं की उपस्थिति से प्रारंभ हुआ श्री श्याम अखाड़ा आज बाबा श्याम की कृपा एवं श्याम प्रेमियों के सहयोग से एक विशाल धार्मिक आयोजन का स्वरूप ले चुका है। वर्तमान में इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से श्याम प्रेमी बाबा के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने ग्राम बुंदेली पहुंचते हैं.

आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह एवं उमंग का वातावरण है। श्री श्याम बाबा के भव्य दरबार में देश के ख्याति प्राप्त भजन प्रवाहक शीतल पाण्डे संजीव शर्मा एवं प्रीति सरगम अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से बाबा श्री श्याम को रिझाएंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भक्तिरस से ओतप्रोत भजनों से पूरा दरबार श्याम भक्ति में सराबोर होगा.

लगभग चार वर्ष पूर्व भजन सम्राट कन्हैया मित्तल भी श्री श्याम अखाड़ा के आयोजन में ग्राम बुंदेली पधार चुके हैं। उनकी भजन प्रस्तुति एवं बाबा श्याम की भक्ति ने ग्राम बुंदेली को श्याम भक्ति की एक अलग पहचान बनाई। आज ग्राम बुंदेली का वातावरण बाबा श्याम की भक्ति के रंग में रंगा हुआ है और स्थानीय ग्रामीण भी इस आयोजन में पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ अपनी सहभागिता निभाते हैं। श्री श्याम अखाड़ा के इस भव्य आयोजन में श्रद्धालुओं को बाबा श्री श्याम की पावन ज्योत के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। भजनों के साथ बाबा के दिव्य दरबार में श्रद्धालु भक्ति, आस्था एवं श्रद्धा के साथ अपनी अरदास लगाएंगे। आयोजन स्थल पर बाबा श्री श्याम की भक्ति का ऐसा वातावरण निर्मित होगा, जिसमें उपस्थित प्रत्येक श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर आनंद की अनुभूति करेगा.

बुंदेली में बन रहा सालासर बालाजी का भव्य मंदिर

ग्राम बुंदेली स्थित श्री श्याम अखाड़ा परिसर में श्री बालाजी सेवा संघ बुंदेली, कोरबा के तत्वावधान में सालासर बालाजी के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। मंदिर निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंदिर की छत की ढलाई एवं गुंबद का कार्य पूर्ण हो चुका है। आने वाले समय में शीघ्र ही मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं विधिवत धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था एवं भक्ति का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है.

श्री श्याम अखाड़ा के इस आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए श्याम रसोई की भी व्यवस्था की गई है.

आयोजन समिति की ओर से समस्त श्याम प्रेमियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार, इष्ट-मित्रों एवं परिचितों सहित ग्राम बुंदेली दिनाक 19.09.2026 वार शनिवार समय शाम 6.15 पर पहुंचकर बाबा श्री श्याम के इस भव्य दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। बाबा की पावन ज्योत के दर्शन करें, भक्ति के मधुर भजनों का आनंद लें तथा बाबा श्री श्याम के चरणों में अपनी मनोकामना एवं अरदास अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त करें.

विनीत, श्री श्याम अखाड़ा परिवार बुंदेली, कोरबा

हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here