Home छत्तीसगढ़ विश्व पर्यटन दिवस पर सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026 का आयोजन,...

विश्व पर्यटन दिवस पर सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026 का आयोजन, पर्यटन को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर

1
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर, 28 सितंबर 2026/ विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का आयोजन नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में किया गया। आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ना, पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना तथा प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स, होम-स्टे संचालकों तथा विदेशी टूर एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे, जबकि अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे सहित पर्यटन उद्योग से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने-फिरने तक सीमित क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, संस्कृति, इतिहास, विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत, राजिम की धार्मिक आस्था, भोरमदेव की स्थापत्य कला तथा बारनवापारा का वन्यजीवन जैसी विविध पर्यटन संपदाएं मौजूद हैं.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। पर्यटन विकास के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, कारीगरों एवं कलाकारों के लिए बाजार तथा ग्रामीण और जनजातीय समुदायों के लिए आजीविका के अवसर विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने रायपुर में निर्माणाधीन फिल्म सिटी, भोरमदेव कॉरिडोर और जशपुर के मयाली क्षेत्र में पर्यटन विकास जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया.

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस’ प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में रोड शो तथा राष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों में सहभागिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का प्रचार किया गया है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ी हैं.

प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को नई दिशा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग पर्यटन स्थलों की जानकारी, प्रचार-प्रसार, कंटेंट निर्माण और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर-कैलाश-दंडक गुफाओं, मैनपाट, जशपुर, बस्तर दशहरा, सिरपुर, भोरमदेव, ढोलकल गणेश, नारायणपाल और मल्हार जैसे पर्यटन एवं विरासत स्थलों की संभावनाओं को रेखांकित किया.

कार्यक्रम में ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स के बीच बीटूबी बैठक आयोजित की गई। इसमें पर्यटन पैकेज तैयार करने, व्यावसायिक साझेदारी विकसित करने तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। विभिन्न टूर ऑपरेटर्स, होटलियर्स और पर्यटन संस्थाओं ने प्रमोशनल स्टॉल भी लगाए। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एवं धमतरी जिला प्रशासन ने भी अपने पर्यटन स्थलों के प्रचार के लिए स्टॉल लगाए.

कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितधारकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए। बेस्ट टूरिज्म डिस्ट्रिक्ट प्रमोशन अवार्ड गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेस्ट इको टूरिज्म साइट अवार्ड तक्षक भोरमदेव, बेस्ट होटल अवार्ड एम्बिशन जगदलपुर, बेस्ट टूर ऑपरेटर अवार्ड डी. रमेश कैंप वन्स, बेस्ट टूरिज्म स्टार्टअप अवार्ड हेरिटेज वाला के शिवम त्रिवेदी, बेस्ट एडवेंचर टूर ऑपरेटर अवार्ड ट्रिपी हिल्स जशपुर के सौरभ सिंह तथा बेस्ट होम-स्टे अवार्ड धुरवा डेरा के मानसिंह को प्रदान किया गया। इसके अलावा बेस्ट इन्फ्लुएंसर सहित अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए गए। विजेताओं को ₹11,000 की राशि का चेक, मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here