Home छत्तीसगढ़ नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी पर हमला, पत्थर से सिर फोड़ा,...

नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी पर हमला, पत्थर से सिर फोड़ा, आरोपी गिरफ्तार

1
0

आकाशवाणी.इन

जांजगीर-चांपा, 28 सितम्बर 2026/ अकलतरा नगर पालिका परिषद कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली-गलौच, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

पुलिस के अनुसार, घटना 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी अपने शासकीय कार्य में व्यस्त था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 अकलतरा निवासी मनोज कुमार टण्डन शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि उसने कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने शासकीय दस्तावेजों को भी फाड़ दिया, जिससे कार्यालय के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई.

घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कार्यालय में पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। पत्थर लगने से कर्मचारी के सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

कर्मचारी की शिकायत पर अकलतरा थाना पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार टण्डन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अकलतरा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर मनोज कुमार टण्डन को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार टण्डन (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा के रूप में हुई है। पुलिस कार्रवाई में थाना अकलतरा प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here