Home छत्तीसगढ़ KPL प्लांट के गेट के सामने ट्रेलर ने संयंत्र कर्मी को कुचला,...

KPL प्लांट के गेट के सामने ट्रेलर ने संयंत्र कर्मी को कुचला, मौत

2
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 02 अक्टूबर 2026/ उरगा थाना क्षेत्र के पताढ़ी स्थित अडाणी समूह के कोरबा पावर लिमिटेड (KPL) प्लांट के नंबर-1 गेट के सामने बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में संयंत्र कर्मी की मौत हो गई। ड्यूटी के लिए प्लांट जा रहे कर्मचारी को कोयला लेकर आ रहे एक ट्रेलर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उरगा थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से भैंसमा जुनवानी निवासी मुकेश कैवर्त (45) पताढ़ी के पास दर्राभांठा में रहकर कोरबा पावर लिमिटेड प्लांट में कार्यरत था। बुधवार को उसकी रात्रि पाली में ड्यूटी थी। वह रात में अपने घर से प्लांट में ड्यूटी के लिए निकला था। बताया गया कि रात करीब 10 बजे वह कोरबा-चांपा मार्ग के सर्विस रोड से KPL प्लांट के नंबर-1 गेट की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोयला लेकर आ रहे ट्रेलर क्रमांक CG 10 BO 0492 के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए मुकेश को अपनी चपेट में ले लिया.

ट्रेलर की चपेट में आने से मुकेश के सिर में गंभीर चोट लगी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

बताया गया है कि मृतक मुकेश कैवर्त के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

स्थानीय स्तर पर यह भी बताया गया कि कोरबा-चांपा मार्ग से लगे KPL प्लांट में कर्मचारियों और कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था है। प्लांट के नंबर-1 गेट से कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाता है, जबकि नंबर-2 गेट का उपयोग कोयला लोड भारी वाहनों की आवाजाही के लिए किया जाता है। ऐसे में सर्विस रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच हुई इस दुर्घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here