Home छत्तीसगढ़ एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, बोले-...

एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, बोले- कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव

8
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर, 03 अक्टूबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को भारतीय टीम की ऐतिहासिक सफलता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उप मुख्यमंत्री ने गीता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कवर्धा की इस बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है.

मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता यादव से उनकी खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गीता के खेल क्षेत्र में किए गए संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर भारतीय हॉकी टीम तक पहुंचना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं.

कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया.

टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलते हुए गीता यादव ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में उन्होंने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी गीता ने दो गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

गीता यादव ने हॉकी का शुरुआती प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखारा। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से उनके अंतरराष्ट्रीय हॉकी करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों पर भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं.

मुलाकात के दौरान कवर्धा और कबीरधाम क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर खेलों की संभावनाओं को विस्तार देने को लेकर भी चर्चा हुई। विजय शर्मा ने गीता से खिलाड़ियों की आवश्यकताओं और उनके अनुभवों की जानकारी ली तथा भविष्य में भी पूरी लगन के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here