Home छत्तीसगढ़ कोरबा में नगर सेना कर्मी के सूने मकान में चोरी, नकदी और...

कोरबा में नगर सेना कर्मी के सूने मकान में चोरी, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात ले गए चोर; स्कूटी छोड़कर भागे आरोपी

7
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 04 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों ने नगर सेना में पदस्थ कर्मी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कीमत एक लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। घटना के दौरान ग्रामीणों के शोर मचाने पर चोर घबरा गए और अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने स्कूटी को बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहांदा का है। जानकारी के मुताबिक नगर सेना में पदस्थ दिलीप रात्रे शनिवार को किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। वहीं, उनके परिवार के सदस्य डोंगरगढ़ घूमने गए थे। घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात मकान में घुस गए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी और अन्य सामान को खंगाला। इस दौरान घर में रखी नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार होने की कोशिश की। दिलीप रात्रे के अनुसार चोरी गए सामान की शुरुआती कीमत एक लाख रुपए से अधिक है। हालांकि, चोरी हुए सामान का वास्तविक मूल्य पुलिस जांच और आकलन के बाद स्पष्ट होगा.

चोरी के दौरान आसपास के ग्रामीणों को घर में संदिग्ध गतिविधियों की भनक लग गई। ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया तो चोर घबरा गए और मौके से भाग निकले। हड़बड़ी में आरोपी अपनी स्कूटी वहीं छोड़ गए। पुलिस ने स्कूटी को अपने कब्जे में लेकर उसके नंबर और चेचिस नंबर के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि स्कूटी से आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिल सकता है.

घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे। इसके अलावा घटनास्थल से फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से एक स्कूटी बरामद हुई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी की वारदात की जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here