आकाशवाणी.इन
रायपुर, 05 अक्टूबर 2026/ आजाद चौक थाना क्षेत्र में डेली नीड्स दुकान के सामने से चोरी हुई एक्टिवा वाहन के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 NX 3991, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर ली है.
पुलिस के अनुसार, लाखेनगर निवासी आकाश नाशा ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी डेली नीड्स की दुकान लाखेनगर क्षेत्र में स्थित है। वह अपनी एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 04 NX 3991 को दुकान के सामने खड़ी कर कुछ देर के लिए दुकान के अंदर चला गया था। वापस बाहर आने पर उसने देखा कि जिस स्थान पर उसने एक्टिवा खड़ी की थी, वहां वाहन मौजूद नहीं था। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसे चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद प्रार्थी ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आजाद चौक में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 238/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से चोरी की एक्टिवा और आरोपी की लगातार पतासाजी की जाती रही.
इसी दौरान पुलिस टीम को चोरी की एक्टिवा और घटना में शामिल आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रमोद पाण्डेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने आजाद चौक क्षेत्र से उक्त एक्टिवा वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की एक्टिवा वाहन CG 04 NX 3991 बरामद कर ली.
पुलिस ने आरोपी प्रमोद पाण्डेय (32) पिता सुभाष पाण्डेय, निवासी कंडेक्टर कॉलोनी, सुपेला भिलाई, मौर्या टॉकीज के पीछे, स्पर्श अस्पताल के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है.