Home आस्था कोरबा में भक्ति का अनूठा संगम: मां सर्वमंगला मंदिर में 501 कन्याओं...

कोरबा में भक्ति का अनूठा संगम: मां सर्वमंगला मंदिर में 501 कन्याओं का महापूजन, हवन के बाद कराया गया कन्या भोज

6
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 19 अक्टूबर 2026/ शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महाअष्टमी-नवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाहवन और पूर्णाहुति के पश्चात 501 कन्याओं का विधि-विधान से महापूजन किया गया। इसके बाद सभी कन्याओं को कन्या भोज कराकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान रहा.

सनातन परंपरा के अनुसार कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना की गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धाभाव से 501 कन्याओं के चरण पखारे। इसके बाद कुमकुम और अक्षत से तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी गई। पूजा-अर्चना के पश्चात सभी कन्याओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर महाप्रसाद के रूप में भोजन कराया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति में नारी शक्ति का विशेष महत्व है। कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित कन्या पूजन हमारी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है.

मां सर्वमंगला मंदिर में आयोजित इस भव्य कन्या पूजन और कन्या भोज को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नन्हा महाराज, मयंक पांडेय, राणा मुखर्जी, कान्हा अग्रवाल, राजू, साईं शर्मा और सूरज कलवानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कन्याओं की सेवा कर उनका आशीर्वाद लिया.

आयोजकों ने बताया कि मां सर्वमंगला के आशीर्वाद और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रतिवर्ष कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन की भव्यता बढ़ रही है। इस बार भी 501 कन्याओं के सामूहिक पूजन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां सर्वमंगला से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here