आकाशवाणी.इन
कोरबा, 20 अक्टूबर 2026/ दशहरा पर्व पर आज मंगलवार, 20 अक्टूबर को शाम के समय होने वाले रावण दहन और अन्य आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। SP सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के शहरी, उपनगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 500 पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। शाम को रावण दहन के दौरान प्रमुख आयोजन स्थलों पर लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की विशेष तैयारी की है.
शहर के प्रमुख दशहरा मैदानों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहेगी। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण अंचलों में भी पुलिस की निगरानी देर रात तक जारी रहेगी.
कोरबा शहर में सुभाष चौक से घंटाघर तथा आसपास के इलाकों में चार स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन स्थानों पर शाम के समय भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख मार्गों पर बाइक पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को तत्काल नियंत्रित किया जा सके.
दशहरा उत्सव के दौरान यातायात जाम से बचने के लिए आयोजन स्थलों के आसपास रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। निहारिका क्षेत्र में कोसाबाड़ी की ओर से आने वाले वाहनों को ब्लू बर्ड स्कूल के पास से कॉलोनियों के रास्ते निकाला जाएगा। सुभाष चौक पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए बैरिकेडिंग कर वाहनों की क्रॉसिंग रोकी गई है। घंटाघर के पास भी आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। एमपी नगर और शिवाजी नगर की ओर यातायात बाधित न हो, इसके लिए भी इंतजाम किए गए हैं.
सुभाष चौक के पास फल उद्यान और आसपास के कॉलोनी क्षेत्र में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मुड़ापार दशहरा स्थल पर पहुंचने वाले लोगों के लिए बाजार और अस्पताल के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुराना बस स्टैंड के पास रावण दहन के दौरान भी यातायात में बदलाव किया जाएगा। मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनने पर यातायात पुलिस तत्काल वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालेगी.
अतिरिक्त SP लखन पटले ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 500 अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। भीड़ की निगरानी और पेट्रोलिंग देर रात तक जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.