Home छत्तीसगढ़ दो सड़कों की शिकायत, जांच प्रक्रियाधीन; इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया ने सवालों...

दो सड़कों की शिकायत, जांच प्रक्रियाधीन; इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया ने सवालों के बीच काटा फोन, सरपंच पति मिलाप सिंह खुद को बता रहे सरपंच!

14
0

आकाशवाणी.इन

17 सेंटीमीटर मोटाई का दावा, निर्माण गुणवत्ता पर सवाल; उपसरपंच पति अनिल पटेल से भी नहीं हो सका संपर्क, अब सवाल—जांच कब पूरी होगी और गड़बड़ी मिली तो किससे होगी वसूली?

कोरबा। सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के दावों की हकीकत जानने के लिए की गई पड़ताल में कई अहम सवाल सामने आए हैं। मामला सरपंच सविता कंवर के क्षेत्र में बनी पुरानी और हाल ही में निर्मित नई सड़क से जुड़ा है। दोनों सड़कों के निर्माण और गुणवत्ता को लेकर जब क्षेत्र के इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया से बातचीत की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि दोनों सड़कों की शिकायत हुई है और उनकी जांच प्रक्रियाधीन है.

लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दोनों सड़कों की शिकायत पहले ही हो चुकी है और जांच चल रही है तो आखिर जांच पूरी कब तक होगी? क्या जांच केवल कागजों तक सीमित रहेगी या मौके पर तकनीकी परीक्षण कर वास्तविक स्थिति भी सामने लाई जाएगी?

17 सेंटीमीटर मोटाई बताई, लेकिन मौके पर माप का प्रमाण कहां?

बातचीत में इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया ने सड़क की निर्धारित मोटाई 17 सेंटीमीटर यानी लगभग 6.69 इंच बताई। उन्होंने दावा किया कि वे स्वयं मौके पर जाकर सड़क का मुआयना कर चुके हैं और निर्माण मानक के अनुरूप है। सड़क में किसी प्रकार की खामी होने से भी उन्होंने इनकार किया.

लेकिन सवाल यह है कि क्या सड़क की वास्तविक मोटाई तकनीकी तरीके से मापी गई? क्या निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता परीक्षण कराया गया? क्या इसकी कोई लिखित जांच रिपोर्ट उपलब्ध है?

जब उनसे निर्माण कार्य के दौरान निरीक्षण और अपनी जिम्मेदारी को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने बताया कि अनिल पटेल से जुड़ी पुरानी सड़क उनके कार्यभार संभालने से पहले की है। ऐसे में निर्माण के दौरान निरीक्षण किसने किया और गुणवत्ता का सत्यापन किस आधार पर हुआ, यह स्पष्ट होना बाकी है.

दोनों सड़कों की शिकायत, जांच कब होगी पूरी?

इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया ने बातचीत में स्पष्ट किया कि दोनों सड़कों की शिकायत हुई है और जांच प्रक्रियाधीन है। अब सवाल यह है कि जांच की समयसीमा क्या निर्धारित की गई है? शिकायत मिलने के बाद से अब तक कितना समय बीत चुका है और जांच पूरी करने की अंतिम तारीख क्या है?

यदि जांच में सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों से कम गुणवत्ता, कम मोटाई, सामग्री में कमी या अन्य वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो क्या संबंधित ठेकेदार, निर्माण एजेंसी अथवा जिम्मेदार व्यक्तियों से सरकारी राशि की वसूली की जाएगी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी?

सरकारी धन से बने निर्माण कार्यों में शिकायत के बाद केवल जांच लंबित रखना पर्याप्त नहीं है। जांच का निष्कर्ष और उस पर की गई कार्रवाई भी जनता के सामने आनी चाहिए.

सवालों के बीच इंजीनियर ने काटा फोन

सड़क की गुणवत्ता, निर्माण के दौरान निरीक्षण और तकनीकी सत्यापन को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान क्षेत्र के इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया ने फोन काट दिया। इसके बाद सड़क की वास्तविक मोटाई, गुणवत्ता परीक्षण, जांच की समयसीमा और संभावित कार्रवाई से जुड़े कई सवाल अनुत्तरित रह गए.

हालांकि इंजीनियर का पक्ष यह है कि दोनों सड़कों की शिकायतों पर जांच चल रही है और उन्होंने मौके पर सड़क का निरीक्षण भी किया है। जांच की अंतिम रिपोर्ट और उनका विस्तृत पक्ष सामने आना अभी बाकी है.

ग्रामीण रज्जाक मोहम्मद का आरोप—ठेकेदार अपना मुनाफा देखेंगे, सड़क की हालत भी ठीक नहीं

पड़ताल के दौरान स्थानीय निवासी रज्जाक मोहम्मद से सड़क की मौजूदा स्थिति को लेकर बातचीत की गई। बातचीत में तेंदुपारा और ग्राम पंचायत मादन के निर्माण कार्य का जिक्र सामने आया। जब उनसे सड़क की वर्तमान स्थिति पूछी गई तो उन्होंने साफ कहा कि सड़क ठीक नहीं है.

निर्माण कार्य करने वालों को लेकर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “लोग ठेका लेकर काम कर रहे हैं, वो तो अपनी कमाई देखेंगे न भैया।”

एक तरफ क्षेत्र के इंजीनियर हेमंत भूषण धारिया सड़क को मानक के अनुरूप बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय निवासी सड़क की हालत ठीक नहीं होने की बात कह रहे हैं.

सरपंच पति मिलाप सिंह खुद को बता रहे सरपंच, अनिल पटेल से मुलाकात का भरोसा

इस पड़ताल में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया। सरपंच सविता कंवर के पति मिलाप सिंह कंवर से बातचीत के दौरान वे स्वयं को सरपंच बताते सुनाई दिए। वहीं, उपसरपंच पति अनिल पटेल से मुलाकात कराने और उनका पक्ष जानने के लिए बात करने का भरोसा देते रहे.

Aakashvani.in टीम ने अनिल पटेल से उनका पक्ष जानने पहले भी संपर्क किया तो उन्होंने मिलने की बात कही, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया.

सवाल यह है कि जब सड़क निर्माण को लेकर शिकायतें हुई हैं और जांच चल रही है तो संबंधित जनप्रतिनिधि सामने आकर अपना पक्ष क्यों नहीं रख रहे हैं? निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी किसकी है और गुणवत्ता की जवाबदेही कौन लेगा?

अब जांच रिपोर्ट और कार्रवाई का इंतजार

पुरानी और नई दोनों सड़कों की शिकायतों के बाद अब विभाग की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष तकनीकी जांच कराकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करे। सड़क की वास्तविक लंबाई, चौड़ाई, मोटाई, निर्माण लागत और गुणवत्ता परीक्षण का विवरण भी सामने आना चाहिए.

सबसे बड़े सवाल—

👉दोनों सड़कों की जांच आखिर कब तक पूरी होगी?

👉क्या सड़क की वास्तविक मोटाई 17 सेंटीमीटर पाई गई है?

👉यदि जांच में निर्माण की खामियां सामने आती हैं तो क्या जिम्मेदार लोगों से सरकारी धन की वसूली होगी?

👉क्या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और निर्माण से जुड़े जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी?

👉जांच रिपोर्ट जनता के सामने कब सार्वजनिक की जाएगी?

जनता के पैसे से सड़क बनी है तो उसकी गुणवत्ता का हिसाब भी जनता को मिलना चाहिए। शिकायत के बाद जांच, जांच के बाद रिपोर्ट और रिपोर्ट के बाद कार्रवाई—यही सरकारी जवाबदेही की असली कसौटी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here