आकाशवाणी.इन
कोरबा, 12 जनवरी 2026/ राम मंदिर अयोध्या की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर कोरबा जिले से ऐतिहासिक श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा अयोध्या के लिए रवाना हुई। इस यात्रा के माध्यम से कोरबा जिले के श्रद्धालुओं द्वारा लिखी गई 3 अरब 34 करोड़ राम नाम लेखन पुस्तिकाएं एवं तिल लड्डू भगवान श्रीराम को अर्पित किए जाएंगे। राम नाम लेखन के इस महायज्ञ के माध्यम से कोरबा जिले ने देशभर में एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है.
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु राम नाम लेखन पुस्तिकाओं के साथ सड़क मार्ग से अयोध्या के लिए निकले। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मातृशक्ति द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कटघोरा के मेला ग्राउंड में आयोजित युवा सम्मेलन के पश्चात श्रद्धालुओं का जत्था पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ अपने पवित्र सफर पर आगे बढ़ा.
राम मंदिर अयोध्या की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कोरबा जिले में राम नाम लेखन महायज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसके अंतर्गत लगभग 3 लाख परिवारों तक राम नाम लेखन पुस्तिकाएं पहुंचाई गईं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लिया। राम नाम लेखन पुस्तिकाओं को अयोध्या पहुंचाने के लिए श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा की योजना बनाई गई, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। श्रद्धालुओं का चयन पारदर्शी पंजीकरण प्रक्रिया के माध्यम से किया गया, जिसमें निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना को प्राथमिकता दी गई.

श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा समिति द्वारा छत्तीसगढ़ एवं उत्तर प्रदेश में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने भक्ति भावना के साथ राम भक्तों को विदा किया.
यात्रा से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि 14 जनवरी मकर संक्रांति के दिन श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा अयोध्या पहुंचेगी। सरयू स्नान के उपरांत दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विशेष दर्शन का समय प्रदान किया गया है। इस दौरान कोरबा जिले से आए श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में विशेष सुविधा एवं सुगम दर्शन की व्यवस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा की गई है.
यात्रा के प्रस्थान से पूर्व कटघोरा में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित युवा सम्मेलन को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत क्रीड़ा प्रमुख कौशलेंद्र सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को दिशा देने वाले हैं। युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली शक्ति है और समाज व राष्ट्र के समक्ष आने वाली चुनौतियों का समाधान युवाओं की सकारात्मक भूमिका से ही संभव है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन का संक्षिप्त उल्लेख करते हुए युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और सही दृष्टिकोण के साथ समाज को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया.
मंचीय कार्यक्रम में अक्षय दुबे एवं मनोज नायडू ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव गुप्ता, संयोजक श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा ने किया, जबकि नगर व्यवस्था प्रमुख डॉ. गोपाल गोस्वामी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक डॉ. विशाल उपाध्याय, किशोर बुटोलिया, कैलाश नाहक, रामकिशोर श्रीवास्तव, राजकुमार ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। वाहिनी प्रमुखों के संयोजक की भूमिका शत्रुघ्न काच्छी ने निभाई, वहीं यात्रा के अंतर्गत विभिन्न दायित्व भागिरथी चंद्रा, योगेश जैन, लोकेश साहू एवं अनुराग तिवारी को सौंपे गए.
भक्ति, आस्था और सेवा भाव से ओतप्रोत यह यात्रा कोरबा जिले की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर अयोध्या की ओर अग्रसर है.