आकाशवाणी.इन
कोरबा, 13 जनवरी 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं स्वीकृत तथा निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.
कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में निरंतर सुधार लाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावी शिक्षण रणनीति अपनाने, नियमित मूल्यांकन तथा विशेष मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाने के निर्देश दिए.

उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरी के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही शैक्षणिक अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं शिक्षकों के समर्पित प्रयासों से विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करने के निर्देश दिए.
बैठक में आदिवासी बालक आश्रम, पोड़ी उपरोड़ा सहित अन्य स्वीकृत एवं निर्माणाधीन भवनों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कोनकोना, बिंझरा सहित विभिन्न स्थलों पर निर्माणाधीन नवीन शैक्षणिक भवनों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएं.
इसके अतिरिक्त अधीक्षक आवास एवं मिनीमाता बैराज से संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अभियंताओं को समय-सीमा से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए.
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग श्रीकांत कसेर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.