Home नई दिल्ली जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण पर अदाणी समूह को मिला समर्थन, जयप्रकाश गौड़...

जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण पर अदाणी समूह को मिला समर्थन, जयप्रकाश गौड़ ने जताया भरोसा

1
0

आकाशवाणी.इन

नई दिल्ली, 11 अप्रैल 2026/ जेपी समूह के संस्थापक जयप्रकाश गौड़ ने दिवालिया हो चुकी जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) की परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए अदाणी समूह को सफल बोलीदाता चुने जाने के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौतम अदाणी के नेतृत्व में कंपनी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और उसकी विरासत को आगे बढ़ाया जाएगा.

गौड़ ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि ऋणदाताओं की समिति (सीओसी) और समाधान पेशेवर द्वारा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित की गई। उन्होंने इस प्रक्रिया की सराहना करते हुए अदाणी समूह और वेदांता लिमिटेड दोनों का भागीदारी के लिए आभार जताया.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीओसी द्वारा अदाणी समूह को सफल बोलीदाता चुना जाना एक महत्वपूर्ण निर्णय है, जिसका वे पूरा सम्मान करते हैं। गौड़ ने यह भी दोहराया कि उनके लिए जेएएल केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि 1979 से जुड़ी एक भावनात्मक यात्रा रही है, और उन्हें भरोसा है कि नए नेतृत्व में यह यात्रा आगे भी मजबूती से जारी रहेगी.

गौरतलब है कि अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने जेएएल की परिसंपत्तियों के अधिग्रहण के लिए 14,535 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी, जिसे ऋणदाताओं की समिति ने नवंबर 2025 में मंजूरी दी थी। बाद में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण की इलाहाबाद पीठ ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी.

हालांकि, इस फैसले को वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने चुनौती दी है। वेदांता लिमिटेड ने 17,926 करोड़ रुपये की अधिक बोली लगाई थी और मामला अब राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण में विचाराधीन है.

जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड की संपत्तियों में ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स जैसी प्रमुख रियल एस्टेट परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में चार सीमेंट संयंत्र संचालित हैं, साथ ही मध्य प्रदेश में चूना पत्थर की खदानों के पट्टे भी इसके पास हैं.

कंपनी ने अपनी विभिन्न अनुषंगी इकाइयों जैसे जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड, यमुना एक्सप्रेसवे टोलिंग लिमिटेड और जेपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड में भी निवेश किया हुआ है, जो इसके व्यापक कारोबारी विस्तार को दर्शाता है.

गौड़ ने अंत में अदाणी समूह को इस जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह अधिग्रहण सभी हितधारकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और कंपनी को नई दिशा देगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here