आकाशवाणी.इन
रायपुर, 29 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) आज बुधवार 29 अप्रैल 2026 को कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी करने जा रहा है। अब रिजल्ट जारी होने में बस थोड़ी ही देर बाकी है। निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 2:30 बजे नतीजों की घोषणा की जाएगी। इस संबंध में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है.
इस वर्ष छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं में कुल 5.66 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया है। इनमें कक्षा 12वीं के 2,45,785 विद्यार्थी शामिल हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र 10वीं परीक्षा में शामिल हुए हैं। रिजल्ट जारी होते ही लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो जाएगा.
छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें छत्तीसगढ़ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा। छात्रों की सुविधा के लिए कुल 9 वेबसाइट पर रिजल्ट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे अधिक ट्रैफिक के दौरान भी आसानी से परिणाम देखा जा सके.
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपने अंक, पास-फेल स्टेटस और विषयवार मार्क्स चेक कर सकेंगे। साथ ही, स्कूलों में भी परिणाम की जानकारी उपलब्ध रहेगी.
हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड द्वारा टॉपर्स लिस्ट, पास प्रतिशत और जिलेवार प्रदर्शन की जानकारी जारी की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें और किसी भी फर्जी लिंक या अफवाहों से बचें.
छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट 2026 से जुड़ी हर ताजा अपडेट के लिए छात्र नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.








