Home छत्तीसगढ़ बोलेरो से कुचलकर युवक की हत्या का मुख्य आरोपी तुषार ढांडा गिरफ्तार…

बोलेरो से कुचलकर युवक की हत्या का मुख्य आरोपी तुषार ढांडा गिरफ्तार…

14
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 05 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट के बाहर मामूली कहासुनी के बाद एक युवक को बोलेरो कैंपर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। मामले में जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10 से 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर आरोपी तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया.

बताया गया कि पार्टी समाप्त होने के बाद सभी युवक रिजॉर्ट से बाहर सड़क पर पहुंचे। इसी दौरान तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच एक बार फिर बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी तुषार ढांडा अपने बोलेरो कैंपर वाहन में बैठ गया और गुस्से में वाहन को सीधे उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। इस घटना में उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.

घटना के तुरंत बाद घायल उज्ज्वल कुमार सिंह को उसके साथी जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया और क्षेत्र में भी घटना को लेकर सनसनी फैल गई.

घटना की सूचना मिलने पर थाना उरगा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर मुख्य आरोपी तुषार ढांडा का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और पुलिस का कहना है कि प्रकरण में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here