आकाशवाणी.इन
कोरबा, 07 जुलाई 2026/ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर के थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने विशेष जांच अभियान चलाकर 20 वाहन चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है.
विशेष अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 8 चार पहिया वाहन चालक और 12 दो पहिया वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया शुरू कर दी है.
कोरबा पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 1143 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार जारी रहेगा.
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह सामने आया है कि शराब पीकर वाहन चलाना हादसों की सबसे बड़ी वजहों में शामिल है। नशे की हालत में चालक की निर्णय लेने की क्षमता, सतर्कता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित हो जाता है, जिससे वाहन पर नियंत्रण खोने और गंभीर दुर्घटना होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे हादसों में न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष लोगों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है.

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। यदि किसी कार्यक्रम या समारोह में शराब का सेवन किया गया हो तो स्वयं वाहन चलाने के बजाय टैक्सी, चालक या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें। साथ ही अपने परिवार और मित्रों को भी नशे की हालत में वाहन चलाने से रोकें तथा हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करते हुए सभी यातायात नियमों का पालन करें.
पुलिस ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे.