Home छत्तीसगढ़ 15 जुलाई से पहले जारी हो सकती है आईपीएस तबादला सूची, तीन...

15 जुलाई से पहले जारी हो सकती है आईपीएस तबादला सूची, तीन रेंज के आईजी समेत कई जिलों के एसपी बदलने के संकेत

8
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से प्रतीक्षित आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची 15 जुलाई से पहले जारी होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा है। प्रस्तावित फेरबदल में तीन पुलिस रेंज के आईजी, कई जिलों के एसएसपी-एसपी तथा पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। सूत्रों के अनुसार सूची में करीब एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं.

चर्चा है कि दुर्ग, सरगुजा और राजनांदगांव रेंज के आईजी बदले जा सकते हैं। पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक अजय यादव को राजनांदगांव रेंज का आईजी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं राजनांदगांव रेंज के वर्तमान आईजी बालाजी राव सोमावार को सरगुजा तथा सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा को दुर्ग रेंज की जिम्मेदारी मिल सकती है। दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य को भी नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है.

संभावित फेरबदल में दो महिला आईपीएस अधिकारियों को पहली बार किसी जिले की कमान सौंपी जा सकती है। धमतरी और सारंगढ़ जिलों में महिला पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति पर विचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। सरकार का फोकस कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक संतुलन कायम रखने पर बताया जा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह और जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह के नाम भी संभावित सूची में शामिल हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता, मयंक गुर्जर और संदीप पटेल को क्रमशः दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा का पुलिस अधीक्षक बनाए जाने की चर्चा है। वहीं कोरबा जिले के नए एसपी के लिए राजेश कुकरेजा, चंद्रमोहन सिंह और त्रिलोक बंसल के नामों पर भी चर्चा चल रही है.

इसके अलावा मुंगेली, बेमेतरा, कोरिया, अंबिकापुर, सूरजपुर सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के तबादले की संभावना है। डीआईजी स्तर के अधिकारियों प्रशांत ठाकुर, राजेश अग्रवाल और रामकृष्ण साहू को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत मिल रहे हैं.

हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक तबादला सूची को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। फिलहाल सभी नाम और पदस्थापनाएं चर्चाओं तथा विभागीय सूत्रों पर आधारित हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here