आकाशवाणी.इन
कोरबा, 15 अगस्त 2026/ लगातार बारिश के बीच मिनीमाता बांगो जलाशय में पानी की आवक बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने जलाशय के सात गेट खोल दिए हैं। करीब 25 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की दर से हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है.
पहले जलाशय के पांच गेट खोले गए थे। पानी की आवक में और वृद्धि होने के बाद दो अतिरिक्त गेट खोलकर कुल सात गेटों से पानी की निकासी शुरू की गई। विभाग द्वारा जलाशय के जलस्तर, पानी की आवक और डिस्चार्ज की लगातार निगरानी की जा रही है.
कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती ने बताया कि जलाशय में पानी की आवक बढ़ने के कारण सात गेट खोले गए हैं। वर्तमान में करीब 25 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की दर से छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलप्रवाह के अनुसार आगे आवश्यक निर्णय लिया जाएगा.
उन्होंने हसदेव नदी के किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे नदी के पास जाने से बचें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतें.