Home छत्तीसगढ़ साइबर जागृति अभियान: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी में विद्यार्थियों को साइबर...

साइबर जागृति अभियान: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

1
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 21 अगस्त 2026/ साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया.

चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन जॉब, इनाम-लॉटरी, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने तथा सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी से सावधान रहने की जरूरत है.

उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया कि बैंक खाता, एटीएम कार्ड की जानकारी, यूपीआई पिन, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए एप्लीकेशन डाउनलोड करने या सोशल मीडिया पर अजनबियों से व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी गई। मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने और निजी फोटो या व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करने की अपील की गई.

सुरेश जोगी ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी.

इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने सरल भाषा में जवाब दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए जागरूक करने की अपील की.

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कोरबी में आयोजित इस साइबर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और इंटरनेट का सतर्कता के साथ उपयोग करने का संदेश दिया गया। साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here