आकाशवाणी.इन
बिलासपुर, 29 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गया। मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज की है.
विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ता चला गया। कुछ ही देर में मामला पथराव तक पहुंच गया। अचानक हुए पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों के घायल होने की सूचना है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस जवानों की तैनाती बढ़ा दी.
शनिवार सुबह भी पुलिस इलाके में सतर्क है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटा रही है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है.