Home छत्तीसगढ़ कोरबा/दर्री: सड़क दुर्घटना में बुझ गया घर का इकलौता चिराग: दो बाइकों...

कोरबा/दर्री: सड़क दुर्घटना में बुझ गया घर का इकलौता चिराग: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत भीषण, हादसे में 16 वर्षीय किशोर मनीष गिरी की दर्दनाक मौत; नशे में धुत बाइक सवारों ने मारी थी टक्कर…

114
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा (दर्री)। दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत एचटीपीपी (HTPP) वीआईपी गेस्ट हाउस के पास रिटर्न केनाल मार्ग पर 3 सितंबर की रात तकरीबन 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 16 वर्षीय किशोर मनीष गिरी गोस्वामी की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मनीष अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, इस हादसे से घर का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया है. 

घटना उस समय हुई जब कटघोरा की ओर से शराब के नशे में धुत होकर आ रहे दो बाइक सवारों ने किशोर की मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के गृह ग्राम पंचायत नवागांव कला (झाबु) में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है.

नशे में धुत थे दूसरी बाइक के सवार, नहीं आई कोई चोट:
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना कारित करने वाली मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BT 7902 है। इस वाहन पर वार्ड क्रमांक 51 डांडपारा के निवासी मनबोध धनुहार और राजाराम मंझवार सवार थे। बताया जा रहा है कि 3 सितंबर की रात दोनों आरोपी शराब के अत्यधिक नशे में धुत होकर कटघोरा से वापस अपने घर लौट रहे थे। रिटर्न केनाल (नहर मार्ग) पर वीआईपी गेस्ट हाउस से कुछ ही दूरी पर उन्होंने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे मनीष गिरी की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर के बावजूद दोनों आरोपियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है. 

सिर पर आई गंभीर चोट, अस्पताल में तोड़ा दम:
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नवागांव कला निवासी मनीष गिरी गोस्वामी सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से लहूलुहान मनीष को अत्यंत गंभीर स्थिति में उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सिर में गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान मनीष ने दम तोड़ दिया. 

नवागांव कला में छाया मातम:
मनीष की असमय मौत की खबर जैसे ही उसके गांव नवागांव कला (झाबु) पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक होनहार किशोर की इस तरह अचानक हुई मौत से स्तब्ध ग्रामीणों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here