Home छत्तीसगढ़ रायपुर पुलिस में बड़ी कार्रवाई: क्राइम ब्रांच के दो आरक्षक लाइन अटैच,...

रायपुर पुलिस में बड़ी कार्रवाई: क्राइम ब्रांच के दो आरक्षक लाइन अटैच, गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप; तेलीबांधा का आरक्षक भी नपा

8
0

आकाशवाणी.इन

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026/ रायपुर पुलिस महकमे में एक साथ तीन आरक्षकों पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। क्राइम ब्रांच में पदस्थ आरक्षक राहुल गौतम और शिवम द्विवेदी को डीसीपी क्राइम ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। दोनों आरक्षकों पर क्राइम ब्रांच की संवेदनशील और गोपनीय जानकारी बाहर पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कार्रवाई को प्रशासनिक कारणों से जोड़ा जा रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच के आरक्षक राहुल गौतम और शिवम द्विवेदी पर आरोप है कि वे विभाग से जुड़ी अति-संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां शोएब ढेबर से जुड़े मामले तक पहुंचा रहे थे। सूचना लीक होने की भनक लगने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद डीसीपी क्राइम की ओर से दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच करने का लिखित आदेश जारी किया गया.

हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों आरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की वास्तविक वजह क्या है और क्या गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोपों की विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आने के कारण मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल दोनों आरक्षकों को क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारियों से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है.

इधर, रायपुर के थाना तेलीबांधा में पदस्थ आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता के खिलाफ भी डीसीपी सेंट्रल ने कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आरक्षक पर गश्त के दौरान वसूली, मारपीट और जबरन सामान छीनने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं.

बताया जा रहा है कि यह मामला शहर के दिवारपारा इलाके का है और कुछ दिन पुराना है। आरोप है कि डायल 112 में ड्यूटी के दौरान गश्त पर निकले आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता ने एक व्यक्ति को रोककर उसके साथ बदसलूकी की। इसके बाद उस व्यक्ति से शराब और नगद रकम कथित तौर पर जबरन छीनने का आरोप भी सामने आया.

मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। प्राथमिक स्तर पर आरोपों की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी मध्य जोन ने आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच करने का आदेश जारी कर दिया.

रायपुर पुलिस में एक ही समय में तीन आरक्षकों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, क्राइम ब्रांच के दोनों आरक्षकों पर गोपनीय जानकारी लीक करने और तेलीबांधा के आरक्षक पर वसूली व जबरन सामान छीनने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है। विभागीय जांच या आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here