आकाशवाणी.इन
कोरबा, 04 अक्टूबर 2026/ कोरबा विकासखंड की ग्राम पंचायत सिमकेदा के ग्राम ढेंगुरडी निवासी किसान प्याजराम राठिया ने धान के साथ मूंगफली की खेती अपनाकर अपनी आय में वृद्धि की है। कृषि विभाग की एनएमईओ-खाद्य तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने की योजना के तहत मिले तकनीकी मार्गदर्शन, वैज्ञानिक जानकारी और बीज सहायता से उन्होंने पहली बार मूंगफली की खेती शुरू की.
62 वर्षीय किसान प्याजराम राठिया पहले केवल धान की खेती करते थे। एक ही फसल पर निर्भर रहने के कारण उनकी वार्षिक आय सीमित थी। योजना के माध्यम से तिलहनी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहन मिलने के बाद उन्होंने मूंगफली उत्पादन को भी अपनी कृषि गतिविधियों में शामिल किया.
मूंगफली की खेती का पहला अनुभव ही उनके लिए लाभकारी रहा। इससे उन्हें करीब 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। योजना से पहले उनकी अनुमानित वार्षिक आय लगभग 42 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 50 हजार रुपये हो गई है.
प्याजराम राठिया के अनुसार, मूंगफली की खेती से न केवल उनकी आय बढ़ी है, बल्कि खेती के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ है। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा दिए गए मार्गदर्शन, बीज और तकनीकी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.