आकाशवाणी.इन
बलौदाबाजार। नौकरी लगाने के नाम पर ₹1 लाख 90 हजार की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शेखर निर्मलकर ने जांजगीर-चांपा भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिषेक पाण्डेय के खिलाफ बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बलौदाबाजार की एक दुकान में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई, लेकिन बाद में नौकरी नहीं लगाई गई.
शिकायत के मुताबिक, 2 जुलाई 2025 को अभिषेक पाण्डेय के भाई प्रशांत पाण्डेय के बैंक खाते में ₹50-₹50 हजार की दो ऑनलाइन किस्तों में कुल ₹1 लाख ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद एक सप्ताह के भीतर नौकरी और जॉब लेटर दिलाने की बात कही गई, लेकिन करीब एक महीने बाद भी नौकरी नहीं लगी.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में अधिकारियों को अतिरिक्त रकम देने की बात कहकर 31 अक्टूबर 2025 को उससे ₹90 हजार और लिए गए। इस तरह कुल ₹1 लाख 90 हजार दिए जाने का दावा शिकायत में किया गया है.
नौकरी नहीं लगने पर रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर भुगतान का आश्वासन दिया जाता रहा। शिकायत के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को ₹90 हजार का चेक दिया गया। इसे 6 मार्च को यूनियन बैंक की बलौदाबाजार शाखा में जमा किया गया, लेकिन 7 मार्च को खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया.
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने 13 जुलाई 2026 को सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में आवेदन दिया था, लेकिन उसे आवेदन की पावती नहीं मिली और कार्रवाई भी नहीं हुई। अब एसपी से पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने तथा ₹1 लाख 90 हजार की राशि वापस दिलाने की मांग की गई है.
फिलहाल मामला शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और मामले में संबंधित लोगों की जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी.
Etfx