आकाशवाणी.इन
विशेष संवाददाता
कोरबा, 22 अक्टूबर 2026/ ग्राम पंचायत पठियापाली के आश्रित ग्राम मौहार में असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक महापर्व दशहरा बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया गया। विजयादशमी के इस पावन अवसर पर आयोजित भव्य मेला और रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान श्रीराम के जयघोष और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच लंकापति रावण का विशालकाय पुतला धू-धू कर जल उठा, जिसके साथ ही पूरा मैदान जय श्री राम के नारों से गूंज उठा.


शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान:
जैसे ही प्रतीकात्मक युद्ध के बाद भगवान श्रीराम के स्वरूप ने रावण की नाभि पर अग्निबाण चलाया, वैसे ही रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। पुतले के भीतर रखे पटाखों के फूटने और गगनभेदी धमाकों के साथ आसमान रंग-बिरंगी रोशनियों से नहा उठा। उपस्थित ग्रामीणों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। रावण दहन के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर और बड़ों का आशीर्वाद लेकर दशहरा पर्व की बधाई दी.