Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका: किसानों की समस्याओं को लेकर 15...

छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका: किसानों की समस्याओं को लेकर 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा, साजा विधायक ईश्वर साहू के खिलाफ नाराजगी

6
0

आकाशवाणी.इन

दुर्ग, 27 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने से नाराज भाजपा के 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। सभी ने अपना इस्तीफा भाजपा धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजा है। एक साथ 15 लोगों के इस्तीफे से स्थानीय भाजपा संगठन में हलचल मच गई है.

जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने वालों में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा धमधा मंडल अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू और पार्टी के सक्रिय सदस्य तेजराम साहू सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। नाराज नेताओं का आरोप है कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। इसी को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा था.

बताया जा रहा है कि भाजपा से जुड़े पदाधिकारी लंबे समय से किसानों की समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लगाए हुए थे। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों के स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण उन्हें सामूहिक इस्तीफे का फैसला लेना पड़ा। पदाधिकारियों की नाराजगी मुख्य रूप से साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई है.

इस्तीफा देने वालों में डॉ. हर्ष साहू, तेजराम साहू, कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी सहित कुल 15 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं.

भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद धमधा मंडल सहित स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी के भीतर सामने आई इस नाराजगी को संगठन के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

फिलहाल भाजपा संगठन और साजा विधायक ईश्वर साहू की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इस्तीफों को स्वीकार किए जाने की भी पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व नाराज पदाधिकारियों को मनाने के लिए क्या कदम उठाता है और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर क्या पहल की जाती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here