आकाशवाणी.इन
रायपुर, 26 मार्च 2026/ प्रदेश में एक बार फिर आंधी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के असर से कल यानी 27 मार्च से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 27 मार्च को 30-40 किमी/घंटा और 28-29 मार्च को 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
प्रदेश का अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य बना हुआ है। अगले 48 घंटों में इसमें करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है, इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा.
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश नहीं हुई.
मौसम विज्ञान में ट्रफ एक लंबी, घुमावदार रेखा होती है, जहां आसपास के क्षेत्रों की तुलना में हवा का दबाव कम होता है। इसे आसमान में दबाव की एक “खाई” की तरह समझा जा सकता है। यह कोई पूरा लो-प्रेशर सिस्टम नहीं होता, बल्कि एक लंबी पट्टी होती है, जिसमें चारों ओर से हवा अंदर की ओर आती है और ऊपर उठती है.
जब हवा ऊपर उठती है तो ठंडी होकर नमी जमा करती है, जिससे बादल बनते हैं और बारिश, आंधी-बिजली की संभावना बढ़ जाती है। यह ट्रफ करीब 1.5 किमी ऊंचाई (850 hPa लेवल) पर सक्रिय है, इसलिए इसका असर सीधे मौसम पर दिखाई देता है.
ट्रफ का असर: कहां और कैसे बदलेगा मौसम
दक्षिणी और मध्य हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
नमी वाली हवा ऊपर उठने के कारण अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना.
आंधी-बिजली और तेज हवाएं
27 मार्च को 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
साथ ही आंधी और बिजली गिरने की आशंका है.
इसके बाद अगले दो दिनों में हवाओं की रफ्तार बढ़कर 40-50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.
दरअसल, यह नॉर्वेस्टर जैसी प्री-मानसून गतिविधियां हैं, जो मार्च-अप्रैल के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में आमतौर पर देखने को मिलती हैं.
तापमान पर प्रभाव
अभी अधिकतम तापमान सामान्य है, लेकिन अगले 48 घंटे में 2°C बढ़ सकता है जिससे गर्मी थोड़ी बढ़ेगी।.
बारिश और बादलों के कारण दिन में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का ट्रेंड बढ़ रहा है.
रायपुर और आसपास
26 मार्च को मुख्य रूप से साफ आसमान, लेकिन दोपहर/शाम तक बादल छा सकते हैं। अधिकतम 38°C और न्यूनतम 24°C रहने की संभावना.