Home छत्तीसगढ़ KORBA:बांगो बांध का जलभराव 94.30 प्रतिशत, पांच गेट खोलकर हसदेव नदी में...

KORBA:बांगो बांध का जलभराव 94.30 प्रतिशत, पांच गेट खोलकर हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 26,197 क्यूसेक पानी

1
0

आकाशवाणी.इन

कोरबा, 03 सितंबर 2026/ विगत दो दिनों से बांगो बांध में लगातार अधिक मात्रा में पानी की आवक के कारण बांध का जलभराव स्तर बढ़कर 94.30 प्रतिशत हो गया है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 358.71 मीटर दर्ज किया गया है। बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा पानी की निकासी बढ़ाई गई है.

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य अभियंता बिलासपुर एवं अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद 3 सितंबर की रात 12 बजे बांध के पांच गेट खोले गए। गेट क्रमांक 4 को 0.50 मीटर, गेट क्रमांक 5 को 0.60 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.80 मीटर, गेट क्रमांक 7 को 0.60 मीटर तथा गेट क्रमांक 8 को 0.50 मीटर खोला गया है। इन पांचों गेटों की कुल ओपनिंग 3.00 मीटर है.

वहीं गेट क्रमांक 1, 2, 3, 9, 10 और 11 बंद हैं। रेडियल गेटों के माध्यम से 17,197 क्यूसेक तथा पावर प्लांट हाइडल के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 26,197 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है.

बांगो बांध में पानी की आवक भी काफी अधिक बनी हुई है। विभाग के अनुसार वर्तमान में बांध में 54,115 क्यूसेक Inflow दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए बांध की सुरक्षा एवं हसदेव नदी में जलप्रवाह को नियंत्रित रखने के लिए गेटों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है.

इससे पहले 2 सितंबर की शाम से ही बांध के तीन गेटों को कुल 1.50 मीटर खोला गया था। इसके बाद जलस्तर एवं पानी की आवक की स्थिति को देखते हुए गेटों की ओपनिंग बढ़ाई गई। विभाग द्वारा बांध के जलस्तर, Inflow और नदी के जलप्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है.

कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती, मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली, कोरबा ने बताया कि अधिकारियों से चर्चा एवं अनुमति के बाद निर्धारित गेट खोलकर पानी को नियंत्रित किया जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here